बच्चन फैमिली ने लगवाया कोविड का टीका: अभिषेक बच्चन को छोड़ सभी ने लिया कोरोना वैक्सीन का पहला डोज, बिग बी ने लिखा- सब बढ़िया है
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
अमिताभ बच्चन ने कोरोना वायरस का पहला टीका लगवा लिया है। 78 साल के अभिनेता ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “यह हो गया। मेरा कोविड वैक्सीनेशन आज दोपहर। सब बढ़िया है।”
T 3861 –
Got it done !
My CoviD vaccination this afternoon ..
All well .. 🙏— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) April 1, 2021
इतना ही नहीं, बिग बी ने ब्लॉग पर भी इस बात की जानकारी दी है। उनकी मानें तो बेटे अभिषेक को छोड़कर पूरे परिवार ने कोरोना वैक्सीन का पहला डोज ले लिया है। उन्होंने लिखा है, “वैक्सीनेशन हो गया। सब ठीक है। कल फैमिली मेंबर्स और स्टाफ का कोविड टेस्ट कराया था। रिजल्ट आज आया और सब ठीक है। सभी का टेस्ट निगेटिव आया है। इसलिए वैक्सीनेशन करवा लिया। सभी फैमिली मेंबर्स का हो गया। अभिषेक को छोड़कर। वे कुछ दिनों बाद लौटेंगे और वैक्सीनेशन कराएंगे।”
दरअसल, अभिषेक बच्चन उत्तर प्रदेश के आगरा में अपनी फिल्म ‘दसवीं’ की शूटिंग कर रहे थे। तुषार जलोटा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का यह शेड्यूल दो दिन पहले ही पूरा हुआ है।
कोविड पॉजिटिव हो गया था बच्चन परिवार
पिछले साल अमिताभ की पत्नी और एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन जया को छोड़कर पूरा बच्चन परिवार कोविड की चपेट में आ गया था। अमिताभ और अभिषेक 11 जुलाई 2020 को एक साथ मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में अस्पताल में भर्ती हुए थे। 22 दिन तक आइसोलेशन वार्ड में रहने के बाद अमिताभ 2 अगस्त 2020 को डिस्चार्ज हुए थे। लेकिन अभिषेक को 28 दिन तक भर्ती रहना पड़ा था।
अमिताभ की बहू एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय और पोती आराध्या की कोविड रिपोर्ट 12 जुलाई 2020 को पॉजिटिव आई थी। लेकिन लक्षण दिखाई न देने के कारण दोनों को होम क्वारैंटाइन किया गया था। हालांकि, 17 जुलाई 2020 को मां-बेटी की तबियत बिगड़ी तो उन्हें नानावटी हॉस्पिटल ले जाया गया था। वे वहां पूरे 10 दिन रही थीं और 11वें दिन उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।